
चंडीगढ़.
पंजाब में अकाली दल के साथ गठबंधन के बाद भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में है। हालांकि, किसानों के बीच पुराना भरोसा बहाल करना एक बड़ी चुनौती है। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चले आंदोलन और एमएसपी की कानूनी गारंटी का सवाल भाजपा के लिए परेशानी बना हुआ है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार पंजाब के गांवों और खेतों का दौरा कर रहे हैं। चार महीनों में उनके कई दौरे दर्शाते हैं कि भाजपा किसानों की नाराजगी और अपेक्षाओं को समझना चाहती है। 8 दिसंबर को मोगा में पीएम मोदी की प्रस्तावित रैली से पहले यह संपर्क अभियान महत्वपूर्ण है। चौहान ने 28 अगस्त को अमृतसर, 21 सितंबर को बठिंडा, 17 नवंबर को मोहाली-लुधियाना और 24 नवंबर को तरनतारन में किसान चौपाल व संवाद किए। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
मोहाली में उन्होंने 17 नवंबर को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 2026-27 के लिए 254.20 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त सौंपी। सात नई कृषि परियोजनाओं के लिए 98.44 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई। कुल मिलाकर 352.64 करोड़ रुपये की सहायता और परियोजनाओं का उल्लेख हुआ। लुधियाना के समराला में उन्होंने आलू, प्याज, टमाटर उत्पादकों को राहत देने और परिवहन खर्च में सहायता की बात कही। उन्होंने खाद की कालाबाजारी और नकली बीज के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिया।


