राज्यहरियाणा

अंबाला में इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए बनेगा स्वतंत्र फीडर, बिजली निगम खर्च करेगा एक करोड़

अंबाला
शहर से पंचकूला, छावनी और नारायणगढ़ तक इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बस सेवा की राह में अब बिजली का अड़ंगा दूर करने की तैयारी है।

बसों की संख्या बढ़ने के साथ उनके चार्जिंग स्टेशन पर बिजली का दबाव भी बढ़ गया था। इसका असर मौजूदा बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर पड़ रहा था और बार-बार बिजली की समस्या सामने आ रही थी।

अब इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए बिजली निगम करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर चार्जिंग स्टेशन को स्वतंत्र फीडर से जोड़ेगा। इसके बाद बसों को चार्ज करने के लिए अलग बिजली लाइन होगी और स्टेशन को दूसरे क्षेत्रों के बिजली लोड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस परियोजना के तहत लायलपुर बस्ती से अंबाला बस अड्डे तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबी नई बिजली लाइन बिछाई जाएगी। पावर हाउस से सीधे चार्जिंग स्टेशन तक कनेक्शन दिया जाएगा।

इस काम के लिए वर्क अलाट किया जा चुका है। परियोजना पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें लगभग 60 लाख रुपये ठेकेदार को दिए जाएंगे, जबकि शेष करीब 40 लाख रुपये का कार्य बिजली निगम खुद करेगा।

60 लाख रुपये का वर्क भी अब बिजली निगम ने अलाट कर दिया है। यह लाइन केवल चार्जिंग स्टेशन के लिए होगी, जिससे इसे स्वतंत्र फीडर की सुविधा मिलेगी।

1000 से बढ़कर 2400 केवीए तक पहुंचा लोड
दरअसल, पहले चार्जिंग स्टेशन का संचालन मौजूदा फीडर से किया जा रहा था। इस फीडर पर पहले करीब 1000 केवीए का लोड था, लेकिन इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन का अतिरिक्त भार जुड़ने से यह बढ़कर करीब 2400 केवीए तक पहुंच गया। बढ़ते लोड के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या सामने आई। अब चार्जिंग स्टेशन को स्वतंत्र कनेक्शन देने से मौजूदा फीडर पर दबाव कम होगा और बसों की चार्जिंग व्यवस्था भी अधिक सुचारु हो सकेगी।

कैंट में 15 बसों के लिए तैयार हुआ चार्जिंग स्टेशन
अंबाला शहर और छावनी में इस समय करीब 35 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। इनमें 15 बसें छावनी और 20 बसें शहर में हैं। अभी तक छावनी की बसों को भी चार्जिंग के लिए शहर स्थित स्टेशन पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे बसों को चार्जिंग के लिए शहर तक लाने-ले जाने में समय और ऊर्जा दोनों खर्च होते थे।

अब छावनी में नया चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिया गया है। यहां तीन चार्जर लगाए गए हैं। फिलहाल स्टेशन ट्रायल आधार पर चल रहा है। इनमें दो चार्जर काम कर रहे हैं, जबकि एक में अभी तकनीकी दिक्कत आ रही है। शुरुआत में ट्रायल के दौरान बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या भी सामने आई थी, जिसे ठीक कर लिया गया है। एक दिसंबर को इस स्टेशन का विधिवत उद्घाटन प्रस्तावित है।

भविष्य में बढ़ सकती है चार्जर की संख्या
शहर स्थित चार्जिंग स्टेशन पर भी तीन चार्जर लगाए गए हैं। भविष्य में बसों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यहां स्वतंत्र फीडर की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अतिरिक्त चार्जर लगाने पर बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो। अंबाला से जीरकपुर, पंचकूला और नारायणगढ़ तक इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं।

वहीं अंबाला शहर से छावनी के बीच हर 10 मिनट में बस सेवा मिलने से यात्रियों को काफी राहत मिली है। इस सेवा ने आटो पर निर्भरता भी कम की है।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद शहर और छावनी के चार्जिंग स्टेशन अलग-अलग बिजली कनेक्शन से संचालित हो सकेंगे। इससे बसों को चार्ज करने के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण बसों के संचालन पर पड़ने वाला असर भी कम होने की उम्मीद है।

करीब एक करोड़ रुपये इस परियोजना पर खर्च होंगे। करीब 60 लाख रुपये का वर्क अलाट जारी कर दिया गया है। शेष कार्य बिजली निगम अपने स्तर पर करेगा। लायलपुर बस्ती से बस अड्डे तक स्वतंत्र कनेक्शन के लिए अलग लाइन खींची जाएगी। -वीके गोयल, एसई बिजली निगम

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button