राजनीति

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर सरकार की रणनीति सफल, कई विपक्षी दल समर्थन में आए

नई दिल्ली
 लोकसभा में 17 अप्रैल, 2026 को जब महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक जरूरी संख्या बल न होने से गिरा था, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने इसे जल्द फिर से संसद में पारित कराने के लिए कमर कस ली थी। इसके बाद बीते छह महीने में संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष के तीखे हमलों से गुजरते हुए सरकार ने अपने इस अभियान को कमजोर नहीं पड़ने दिया। यही वजह है कि विपक्ष से द्रमुक, एनसीपी (एसपी), बीआरएस और वाईएसआरसीपी विधेयक के पक्ष में खड़े हो गए हैं। यह कुछ दिनों में नहीं हुआ, बल्कि बीते सात महीने की गहन रणनीति, संवाद, संपर्क के कारण संभव हुआ है।

हाल में सरकार के एक बड़े नेता ने जब संकेत दिए थे कि महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों पर दो तिहाई से भी लगभग तीन दर्जन तक ज्यादा समर्थन मिलेगा, तब इस पर सहज विश्वास कर पाना मुश्किल हो रहा था, लेकिन जब सरकार ने विधेयकों को सांसदों को भेजा तो उसके समर्थन में दलों का जुटना शुरू हो गया।

कमजोरी और मजबूरी पर नजर
सूत्रों का कहना है कि सरकार में शीर्ष स्तर पर विपक्ष के दलों को आश्वस्त किया गया कि उनके राज्य और राजनीति को नुकसान नहीं होगा। इसके लिए आंकड़ों के साथ बात की गई। इस बीच जो घटनाक्रम रहे उनमें तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव और उसके बाद द्रमुक तथा कांग्रेस की दूरी बढ़ी, एनसीपी (एसपी) ने भी अपनी राजनीति मजबूत करने के लिए भाजपा से अपने दोनों धड़ों को एक साथ लाने में मदद का भरोसा लिया। बीआरएस पहले भी कांग्रेस के साथ सहज नहीं थी। शिरोमणि अकाली दल को एनडीए का हिस्सा बनाया गया। तृणमूल कांग्रेस में बड़ी बगावत के साथ 20 सांसदों को एक नई पार्टी में लाया गया। भाजपा ने तमिलनाडु में कनिमोझी और ए. राजा के जरिए बढ़ाई गई बात को द्रमुक नेता स्टालिन तक पहुंचाया और बाद में सीधे स्टालिन को साधा गया। सुप्रिया सुले के जरिए और शरद पवार के करीबी नेताओं से बात पक्की की गई।

अमित शाह ने स्पष्ट किया कि यूपी का विभाजन करने की जरूरत नहीं होगी। फिलहाल यूपी विधानसभा में 403 सीटें हैं। प्रस्तावित संविधान संशोधन में विधानसभाओं में सीटें 650 करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इसके लागू होने और परिसीमन की प्रक्रिया के बाद यूपी विधानसभा में सीटों की संख्या 605 तक होने की संभावना है।

तीन स्तरों पर हुआ काम
सरकार के सूत्रों का दावा है कि डीएमके, एनसीपी (एसपी), बीआरएस, वाईएसआरसीपी, बीजद संसद में समर्थन करेंगे। इसके अलावा उसने लगभग दो दर्जन और सांसदों के समर्थन का दावा किया हुआ है। सरकार ने एनडीए से बाहर के दलों के लिए जो तीन स्थितियां बनाईं थी, उनमें समर्थन, सदन से वाकआउट और सदन में अनुपस्थित के तीन रास्ते बनाए थे। अब विपक्षी खेमे के कुछ दल खुलकर समर्थन करेंगे, स्थितियों को देखते हुए कुछ वाकआउट और कुछ अनुपस्थित रह सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button