राजनीति

महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज, सुनेत्रा पवार ने CM फडणवीस से की मुलाकात; शरद पवार पर नजरें

मुंबई 

महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के बीच चल रही उठापटक एक बार फिर तेज होती दिख रही है. पहले शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात की चर्चा सामने आई और अब डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने उनके सरकारी आवास वर्षा बंगले पहुंच गईं. उनकी इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है. सवाल उठ रहा है कि क्या महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के बीच कोई नया राजनीतिक समीकरण तैयार हो रहा है? क्या विलय की चर्चाओं के बीच अब सत्ता में अलग रास्ता तलाशा जा रहा है? खास बात यह है कि इसी दौरान शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने शरद पवार और उनकी पार्टी के बड़े नेताओं को सार्वजनिक रूप से सलाह दी है कि वे इस राजनीतिक खेल में न बहें। 

एनसीपी के दोनों गुटों के एक साथ आने की चर्चा काफी समय से चल रही है. अजित पवार के निधन के बाद इस मुद्दे पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. लेकिन अब पार्टी के भीतर और महाविकास आघाड़ी में भी इस संभावित विलय को लेकर असहजता दिखाई दे रही है. सुप्रिया सुले ने साफ कहा है कि वह विलय की चर्चाओं से थक चुकी हैं और फिलहाल इस मुद्दे पर बात नहीं करना चाहतीं. सूत्रों के अनुसार सुनेत्रा पवार दोनों एनसीपी के विलय के पक्ष में नहीं हैं. इसके बजाय अलग राजनीतिक दल के रूप में सत्ता में भागीदारी के विकल्प पर चर्चा हो रही है. ऐसे में फडणवीस से उनकी मुलाकात को भी इसी बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच अहम माना जा रहा है. हालांकि मुलाकात के एजेंडे को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। 

शरद पवार कर रहे एनडीए में शामिल होने का विचार?
सूत्रों का कहना है कि शरद पवार का गुट एक अलग पार्टी के रूप में सत्ताधारी गठबंधन में शामिल होने के विकल्प पर विचार कर रहा है। सुप्रिया सुले ने गुरुवार को दिल्ली में साफ-साफ कहा, "विलय की चर्चा उसी पल खत्म हो गई थी जब मेरे भाई ने पार्टी छोड़ी थी।"

मराठी समाचार चैनल ABP माझा ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यह देख रही है कि क्या वह एक स्वतंत्र पार्टी के तौर पर महायुति में शामिल हो सकती है। माना जा रहा है कि अगर यह गुट एक अलग पार्टी के रूप में NDA में शामिल होता है तो उन्हें केंद्र में कोई अहम मंत्रालय और राज्य मंत्रिमंडल में भी कोई पद मिल सकता है। सुनेत्रा पवार की एनसीपी ने भी साफ कर दिया है कि उन्हें इससे कोई ऐतराज नहीं है।

सुनेत्रा पवार विलय के खिलाफ
NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार इन दोनों गुटों के एक साथ आने के खिलाफ हैं। उन्होंने महायुति के प्रदेश नेतृत्व को अपना यह रुख बता दिया है। उन्होंने विलय का विरोध करते हुए चेतावनी दी है कि भविष्य में इससे उनके अपने गुट के अस्तित्व पर ही खतरा आ सकता है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि सुनेत्रा पवार ने यह भी कहा है कि अगर NCP का दूसरा गुट एक स्वतंत्र घटक दल के रूप में NDA में शामिल होता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

शरद पवार-प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा
शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात ने एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर अटकलें तेज कर दी थीं. इस मुलाकात के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक समीकरणों को लेकर सवाल उठने लगे. क्या दोनों गुट फिर एक साथ आएंगे या फिर कोई नया गठबंधन बनेगा? इसी बीच सुनेत्रा पवार का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलना चर्चा का नया विषय बन गया है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वर्षा बंगले पर हुई मुलाकात में किन मुद्दों पर बातचीत हुई। 

संजय राउत ने शरद पवार को दी नसीहत
    शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर एनसीपी के घटनाक्रम पर तीखी टिप्पणी की. उन्होंने लिखा, ‘शरद पवार की पार्टी में कुछ लोग ऐसे हो सकते हैं जो मंत्री पद पाने के लिए बेचैन हों. लेकिन उनके लिए शरद पवार का जीवनभर जिन सिद्धांतों पर काम किया है उन्हें खत्म करना सही नहीं है. अब अगला सवाल यह है कि इस खेल में किसका विलय किसके साथ होगा?’

    राउत ने आगे लिखा, ‘बीजेपी की चापलूसी करने वाले एक गुट के साथ शरद पवार का लगातार चर्चा करना और महाराष्ट्र में भ्रम तथा संदेह का माहौल पैदा करना राज्य की परंपराओं के अनुरूप नहीं है. शरद पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे जैसे नेताओं को इस खेल में बहकर नहीं जाना चाहिए. इस तरह बह जाने वाले और भी कई लोग हैं. विलय का यह खेल दिन-ब-दिन और हास्यास्पद होता जा रहा है। 

सुनेत्रा पवार विलय के पक्ष में नहीं? सूत्रों का दावा
एनसीपी विलय को लेकर विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से एक अहम दावा सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक सुनेत्रा पवार दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय के पक्ष में नहीं हैं. सूत्रों का कहना है कि उनका मानना है कि दोनों दलों के एक होने से भविष्य में पार्टी के अस्तित्व पर सवाल खड़े हो सकते हैं। 

रिपोर्ट के अनुसार सुनेत्रा पवार दूसरे एनसीपी गुट के महायुति में एक स्वतंत्र घटक दल के रूप में शामिल होने का विरोध नहीं करेंगी. यानी दोनों दलों के विलय के बजाय अलग-अलग रहते हुए सत्ता में भागीदारी का विकल्प तलाशा जा सकता है. हालांकि यह जानकारी सूत्रों के हवाले से है और इस पर सुनेत्रा पवार का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। 

हाथ जोड़कर बोलीं सुप्रिया सुले- भाई के जाने के बाद विलय पर लग गया फुलस्टॉप
सुप्रिया सुले ने एनसीपी के विलय पर बार-बार सवाल पूछे जाने पर हाथ जोड़कर कहा कि वह अब इस मुद्दे पर बात नहीं करना चाहतीं. उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र में सभी को बोलने का अधिकार है. बाकी खबरें तो चलती रहेंगी. मैं बार-बार बोल चुकी हूं और फिर हाथ जोड़कर कह रही हूं कि इस विषय से परेशान हो गई हूं. मेरे भाई अजित पवार के साथ विलय को लेकर बातचीत चल रही थी. जब तक अजित पवार थे तब तक गठबंधन पर चर्चा होती रही और तारीख भी तय थी. लेकिन जिस दिन मेरे भाई इस दुनिया से चले गए उसी दिन से हमारी तरफ से इस विषय पर फुलस्टॉप लग गया. अब इस बारे में कुछ बात नहीं करनी है.’ सुप्रिया के इस बयान से साफ है कि वह अजित पवार के निधन के बाद दोनों एनसीपी गुटों के विलय पर किसी भी नई अटकल को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं। 

महाराष्ट्र की राजनीति में आगे क्या होगा?
एक तरफ शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात की चर्चा है. दूसरी तरफ सुनेत्रा पवार की फडणवीस से मुलाकात और सुप्रिया सुले का विलय पर दिया गया बयान नए संकेत दे रहा है. संजय राउत की टिप्पणी ने महाविकास आघाड़ी के भीतर की चिंता भी सामने रख दी है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि एनसीपी के दोनों गुट विलय की राह चुनेंगे या अलग-अलग रहकर महाराष्ट्र की सत्ता में अपनी जगह बनाएंगे. फिलहाल इन सवालों के जवाब का इंतजार है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button